करोड़ों के गबन की खबर से संबंधित फोटो। बड़ौत कोतवाली में गिरफ्तार किए गए गबन के आरोपी गौरव, रॉ
बागपत। एटीएम में डालने के लिए बैंक से निकलवाकर 5.26 करोड़ रुपये का गबन करने के बाद मुख्य आरोपी गौरव और रॉकी ने 59 लाख रुपये बांट दिए थे। यह रुपये अपने परिजनों व दोस्तों को बांटे गए, जिनको जिम्मेदारी सौंपी गई थी कि वह दोनों को पुलिस से बचा लें। उन सभी को पकड़ने के लिए पुलिस लगी हुई है, जिससे बाकी रुपये बरामद हो सकें।
एटीएम से तीन दिन में 5.26 करोड़ रुपये का गबन करने के बाद दोनों मुख्य आरोपी गौरव निवासी आरिफपुर खड़खड़ी और रॉकी निवासी हसनपुर जिला शामली फरार हो गए थे। फरार होने से पहले दोनों ने गबन की रकम को दो हिस्सों में बांट लिया। गौरव ने अपने घर में भूसे के नीचे 2.31 करोड़ रुपये, जबकि रॉकी ने अपने खेत में 2.29 करोड़ रुपये गड्ढा खोदकर दबा दिए थे।
इसमें रॉकी के भाई रॉबिन उर्फ गुड्डू से पहले ही 63 हजार रुपये और मनीष निवासी जौहड़ी से 50 हजार रुपये पहले ही बरामद हो गए थे। इसके अलावा पुलिस से बचाने और पैरवी करने के लिए गौरव वाल्मीकि को आठ लाख रुपये दिए जो पहले ही जेल जा चुका है। मुख्य आरोपी गौरव ने अपने भाई और पिता को 15 लाख रुपये, पिंटू को पांच लाख रुपये समेत 59 लाख रुपये इस तरह से करीबियों को बांट दिए।
गौरव और रॉकी ने फरारी के दौरान करीब पांच लाख रुपये खुद खर्च कर दिए। पुलिस ने रिमांड पर लिए गए रॉकी की निशानदेही पर हसनपुर में उसके खेत में दबे 2.29 करोड़ और गौरव के आरिफपुर खड़खड़ी में घर में दबे 2.31 करोड़ रुपये बरामद किए। इस तरह पुलिस ने गबन के 5.26 करोड़ में से 4.61 करोड़ रुपये अभी तक बरामद कर लिए। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि जिनको रुपये बांटे गए, उन सभी को जल्द गिरफ्तार करके बाकी रकम बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही बाकी रकम बरामद हो जाएगी।
-
अरोपियों के सभी मददगार आरोपी, जुड़ती जा रही आरोपियों की चेन
एटीएम से 5.26 करोड़ रुपये गबन के मामले में मुख्य आरोपियों ने गबन की रकम हजम करने के लिए पूरी योजना बनाई थी। इसके लिए अपने करीबियों से सलाह व मदद ली। पुलिस की जांच में रुपये लेकर सलाह देने व मदद करने वालों के नाम प्रकाश में आए तो उन सभी को आरोपी बनाया जा रहा है। मुकदमे के दो मुख्य आरोपियों के अलावा 11 आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गए है। उधर चार-पांच अन्य आरोपी भी पुलिस ने चिह्नित किए है, जिनकी तलाश शुरू कर दी गई है।