बाबरी। रसोई गैस की कमी के बीच बाबरी क्षेत्र में सोमवार को उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गैस वितरण किया गया, लेकिन सीमित स्टॉक के कारण बड़ी संख्या में लोग खाली हाथ लौट गए।
बाबरी क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत के बीच सोमवार को अवकाश होने के बावजूद विश्व धरनी भारत गैस एजेंसी पर गैस का वितरण किया गया। रविवार देर रात गैस की गाड़ी पहुंचने के बाद सोमवार सुबह से ही उपभोक्ताओं को सिलिंडर बांटे गए। गैस लेने के लिए उपभोक्ता सुबह पांच बजे से ही एजेंसी के बाहर कतार में लग गए, जिससे देखते ही देखते लंबी लाइन लग गई।
एजेंसी पर 10 अप्रैल तक की बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को ही सिलिंडर दिए जाने का बोर्ड लगाया गया था, लेकिन मौके पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर वितरण किया गया। गैस एजेंसी प्रबंधक अंकित कुमार ने बताया कि इस बार एजेंसी पर मात्र 180 सिलिंडर ही पहुंचे थे। सुबह करीब नौ बजे से वितरण शुरू हुआ, जो शाम तक चलता रहा। दिनभर में सभी सिलिंडर खत्म हो गए, लेकिन बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस न मिलने के कारण खाली हाथ लौटने को मजबूर हो गए।
वहीं, क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि इस समस्या से राहत मिल सके।