बागपत में अपहरण कर दस दिन तक दरिंदगी करने के बाद की गई बिटिया की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों पर और शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया है। तीन दिन पूर्व पुलिस इसी केस में चार्जशीट लगा चुकी है।
सिंघावली अहीर क्षेत्र के एक गांव में अपनी ननिहाल में रहने वाली छात्रा 31 दिसंबर 2015 की सुबह अपने घर से कस्बा अमीनगर सराय स्थित कॉलेज में पढ़ने के लिए साइकिल से गई थी। वह न कालेज पहुंची थी और न ही घर लौटी थी। 10 जनवरी की सुबह उसका शव पूठड़ गांव में ईख के खेत में पड़ा मिला था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि उसके साथ दरिंदगी की गई है। पुलिस ने दावा किया था कि दिल्ली जल निगम के कर्मचारी हरवीर सिंह के बेटे बिट्टू ने अपने साथी मोनू (20) पुत्र सुनील, सौरभ (21) पुत्र धर्मपाल और अन्नु (22) पुत्र अतरे के साथ मिलकर बिटिया के साथ दरिंदगी कर हत्या की है।
बिटिया की साइकिल को पुलिस अभी तक बरामद नहीं कर पाई है। पुलिस ने आरोपियों पर ओर शिकंजा कस दिया है। उनके खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज हो गया है। तीन दिन पूर्व पुलिस ने केस में चार्जशीट लगाई थी। सिंघावली अहीर थाना प्रभारी सुभाष चंद यादव का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।