बड़ौत। नगर की मधुबन कॉलोनी में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के शिक्षकों की बैठक हुई। जहां लंबित प्रकरणों का निस्तारण नहीं होने पर मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर बेमियादी धरना शुरू करने के साथ दिवाली नहीं मनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जिलाध्यक्ष प्रमोद प्रकाश शर्मा ने कहा कि पेंशन, वेतन संबंधित अन्य लंबित प्रकरणों का हल नहीं होने से शिक्षकों में रोष व्याप्त है। समाधान के लिए आठ अक्तूबर से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर बेमियादी धरना शुरू करने का निर्णय लिया गया था, मगर जिले में पीसीएस परीक्षा होने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार से डीआईओएस कार्यालय पर बेमियादी धरना शुरू किया जाएगा। कहा कि जिले के विद्यालयों के शिक्षकों को सितंबर माह के वेतन का भी भुगतान नहीं किया गया है। प्रकरणों का निस्तारण नहीं होने गुट के शिक्षक दिवाली पर्व भी नहीं मनाएंगे। इस मौके पर सुशील चौधरी, संजीव कुमार, संजीत तोमर, प्रदीप शर्मा, रामवीर राठी, नीरज तोमर, सचिन राठी आदि उपस्थित रहे।