बड़ौत (बागपत)। त्रुटिपूर्ण विद्युत बिलों को ठीक कराने के नाम पर कई उपभोक्ताओं से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। यह ठगी विद्युत निगम का कर्मचारी बताकर की गई है। इससे विद्युत निगम को भी चूना लगा है। पीड़ित न्याय के लिए विद्युत निगम के अधिकारियों के चक्कर काट रहे है।
दोघट के प्रवेश पुत्र स्वर्गीय हरपाल से 25 हजार, शिबली पुत्र लक्ष्मण से 20 हजार, पवन पुत्र महावीर से 25 हजार, काला पुत्र चरण सिंह से 15 हजार, धर्मपाल पुत्र चंदकी से 5 हजार, कमल से 10 हजार सहित बिजरौल गांव के कपिल से 15 हजार अमित से चार हजार, बामनौली गांव निवासी प्रशांत से आठ हजार, दीपक से 14 हजार, सिरसली निवासी ऋषिपाल से सात हजार रुपये ठगे गए है। ऐसे ही कई अन्य गांवों के उपभोक्ताओं से ठगी की गई है। पीड़ितों ने बताया कि आरोपी विद्युत वितरण खंड द्वितीय पर सक्रिय है और फजलपुर (निनाना) गांव का रहने वाला है। उन्होंने किसी तरह बिल जमा करने के लिए रुपये एकत्र किए थे। न तो उनका बिल जमा हुआ और ठगी हो गई सो अलग। आरोप लगाया कि लिखित में शिकायत करने के बावजूद भी अफसरों ने कार्रवाई नहीं की।
उधर, एक्सईएन द्वितीय संदीप कुमार निर्भय का कहना है कि यह मामला संज्ञान में नहीं है और न ही कोई शिकायत आई है। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी।