बड़ौत/रटौल। अलग-अलग सड़क हादसों में किसान सतबीर (65) निवासी ललियाना, बलराज (50) निवासी गढ़ी कलंजरी की मौत हो गई। इनके अलावा दस महीने पहले डासना गाजियाबाद में हादसे में घायल अरविंद (45) निवासी फुलेरा की भी शनिवार रात मौत हो गई। वहीं बड़ौत में अमीनगर सराय मार्ग पर सब्जी विक्रेता बिजेंद्र (45) निवासी आजाद नगर को ट्रक ने कुचल दिया, उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
-खाई में पलटे ट्रैक्टर के नीचे दबने से किसान की मौत
ललियाना गांव निवासी किसान सतबीर (65) रविवार शाम अपने पोते तनिश के साथ चमरावल में ट्रैक्टर की धुलाई करवाकर वापस लौट रहे थे। सुराना-ललियाना मार्ग पर सामने से आ रही एक गाड़ी को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। किसान सतबीर ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जबकि तनिश मामूली रूप से घायल हो गया। वहां आए राहगीरों और ग्रामीणों ने किसान को ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर पिलाना सीएचसी में उपचार कराया। जहां उनकी हालत चिंताजनक देखते हुए रेफर कर दिया गया। मोदीनगर के अस्पताल में उपचार के दौरान किसान सतबीर की मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा है।
-पेड़ से बाइक टकराने से गढ़ी कलंजरी के किसान की मौत
गढ़ी कलंजरी गांव निवासी किसान बलराज (50) शनिवार देर रात अपने खेत में धान की फसल को देखकर बाइक से घर वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में साइड मार दी। इससे बलराज की बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में किसान बलराज गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने बलराज के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। गाजियाबाद के अस्पताल में उनका उपचार कराया गया, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। किसान के परिवार में दो बेटी और एक बेटा है। उनके भतीजे अरुण ने अज्ञात वाहन के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
-दस महीने पहले हादसे में घायल युवक की मौत
फुलेरा गांव निवासी अरविंद दस महीने पहले गाजियाबाद जिले के डासना में अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद परिवार वालों ने उपचार कराया, लेकिन अरविंद कोमा में चला गया। बताया कि दस महीने से घर में रहकर उपचार करा रहे अरविंद की शनिवार देर रात मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
-बड़ौत में ट्रक के कुचलने से सब्जी विक्रेता की मौत
फोटो संख्या 3
बड़ौत। नगर के आजाद नगर निवासी अक्षय ने बताया कि उसके पिता बिजेंद्र (45) रविवार सुबह अमीनगर सराय मार्ग स्थित सब्जी मंडी में ठेली लेकर सब्जी खरीदने के लिए गए थे। मंडी से कुछ दूरी पहले ही एक ट्रक ने उसके पिता बिजेंद्र को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक ट्रक लेकर भाग गया। दूसरे सब्जी विक्रेता ने फोन कर हादसे की जानकारी दी। सब्जी विक्रेता बिजेंद्र के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं, जो सब्जी बेचकर अपने परिवार का गुजारा कर रहे थे। अक्षय ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। जांच अधिकारी मनोज कुमार चहल ने बताया कि ट्रक चालक का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।