संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। फैजपुर निनाना गांव की सफलता की कहानी को अब देशभर में दिखाया जाएगा। गांव को पंचायती राज मंत्रालय द्वारा प्रकाशित प्रतिष्ठित कॉफी टेबल बुक ‘’टेल्स ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन’’ में शामिल किया गया है। यह जिले के लिए गर्व की बात है और इससे ग्रामीणों में खुशी है।
फैजपुर निनाना गांव की प्रीति देवी ने प्रधान बनने के बाद गांव में काफी विकास कार्य कराए। गांव के विकास मॉडल को देखते हुए डॉक्यूमेंट्री बनाने के लिए केंद्रीय क्षमता संवर्धन एवं गुणवत्ता परिवेशक राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज के राज्य सलाहकार पुष्पेंद्र सिंह शाक्य ने टीम के साथ पहुंचकर सर्वे किया था। उन्होंने कॉपी टेबल बुक बनाने के लिए देशभर की पंचायतों में सर्वे करने के बाद फैजपुर निनाना सहित 50 ग्राम पंचायतों का चयन किया था। प्रधान प्रीति देवी व समाजसेवी रोहित धनकड़ ने बताया कि 269 पृष्ठों की पुस्तक में देशभर की केवल 48 ग्राम पंचायतों को स्थान मिला है। इसमें फैजपुर निनाना गांव को विशेष सम्मान दिया गया है। साथ ही गांव में कराए गए कार्यों को शामिल किया गया। पंचायत को कॉपी टेबल बुक में चयन होने से ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए प्रधान को बधाई दी।
मॉडल लाइब्रेरी में कोचिंग कर युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
फैजपुर निनाना गांव की प्रधान प्रधान प्रीति देवी ने बताया कि गांव में मॉडल लाइब्रेरी बनाई गई है। इस लाइब्रेरी में 10 से अधिक गांवों के युवा पहुंचकर कोचिंग करते हैं और उनके लिए वहां सिविल सेवा, यूपी पुलिस, सेना, दिल्ली पुलिस आदि की पुस्तक रखी हुई हैं। वहां कंप्यूटर की भी व्यवस्था है। वहां कोचिंग करने के बाद 150 से अधिक युवा यूपी व दिल्ली पुलिस, सेना में नौकरी कर रहे हैं।