बागपत जनपद में बदमाश पुलिस पर बीस साबित हो रहे है। शुक्रवार और शनिवार को 24 घंटे के अंदर बदमाशों ने पांच स्थानों पर लूट की वारदात की।
फाइनेंसर से नगदी-मोबाइल लूटा
बड़ौत। अमीन नगर सराय मार्ग पर शुक्रवार की रात एक फाइंनेसर से चार सशस्त्र बदमाशों ने नगदी और मोबाइल लूट लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
लूट का शिकार हुआ प्रवीण पुत्र राजेंद्र लहचौढ़ा गांव का रहने वाला है। उसकी बड़ौत में श्रीराम फाइनेंस के नाम से कंपनी है। वह शुक्रवार की रात नौ बजे बड़ौत से बाइक पर अमीन नगर सराय रोड से होता हुए अपने गांव जा रहा था।
नवीन मड़ी के पास चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे 30 हजार की नगदी, मोबाइल लूट लिया। इसके बाद बाइक का लॉक लगा और चाबी खेत में फेंक कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की ,लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रवीण ने कोतवाली में तहरीर दी है।
एलआईसी एजेंट से 30 हजार रुपये लूटे
चांदीनगर। बड़ौत शहर में बिनौली रेलवे फाटक के पास एलआईसी एजेंट प्रवीन से तीन बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर 30 हजार रुपये और अन्य कीमती सामान लूट लिया।
इसके अलावा सब्जी विक्रेता राजू और कृष्णपाल से बदमाशों ने चार हजार रुपये लूटे। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है। लहचौड़ा निवासी प्रवीन शुक्रवार रात बाइक पर सवार होकर बड़ौत से घर लौट रहा था।
जैसे ही वह बिनौली रेलवे फाटक के पास पहुंचा, तभी बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर 30 हजार रुपये और कीमती सामान लूट लिया। पीड़ित अपने घर पर पहुंचा। उसने परिजनों को आपबीती सुनाई।
बाद में उन्होंने पुलिस से शिकायत की। नंगला अहमदनगर के सब्जी विक्रेता राजू और कृष्णपाल शनिवार सुबह रटौल गांव में सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के लिए जा रहे थे।
रास्ते में दो बदमाशों ने उनसे चार हजार रुपये लूट लिए। बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन कहीं पता नहीं चला। उन्होंने चांदीनगर पुलिस से शिकायत की है।
रिटायर टीचर से लूट
पिलाना। रोशनगढ़ गांव निवासी रिटायर टीचर शिशपाल, शनिवार की शाम गांव के पास ही टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक आए और तमंचे के बल पर उनसे 3300 रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने बदमाशों को पकड़ने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। लोगों का कहना है कि गांव में पहले भी इसी तरह कई घटना हो चुकी है। उन्होंने पुलिस से लुटेरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
तीन दुकानदारों से लूट
खेकड़ा। ग्राम रटौल के समीप नंगलाबड़ी निवासी तीन दुकानदारों से बाइक सवार दो बदमाशों ने 25 सौ रुपये लूट लिए। दुकानदार राजू फौजी, सुक्के और राजू शनिवार की सुबह करीब सात बजे रटौल से दुकान का सामान खरीदने के लिये आए थे।
रटौल के समीप एक बाग के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तीनों से 25 सौ रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ितों ने रटौल पुलिस चौकी पर तहरीर दी।