-सफाई कर्मियों ने नगर से कूड़ा उठाने के लिए हाथ खड़े किए
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। नगर पालिका के सामने नगर से निकलने वाले कूड़े को डंप करने की समस्या बन रही है। वन विभाग ने गंगनहर किनारे कूड़ा डालने से मना कर दिया है। वहीं कूड़़ा डालने पर नगर पालिका के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। सफाई कर्मियों ने नगर से कूड़ा उठाने के लिए हाथ खड़े कर दिए हैं।
नगर पालिका ने कूड़ा निस्तारण के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च कर गांव मुबारिकपुर में कूड़ा निस्तारण प्लांट बनाया था, जिसका ग्रामीण विरोध करते चले आ रहे हैं। ग्रामीणों ने गीला कूड़ा लाने का विरोध करते हुए कूड़े से भरी गाड़ियों को वापस भेज दिया था। इस पर नगर पालिका कर्मचारी गंगनहर पटरी के आसपास कूड़ा डालने लगे थे।
वन विभाग ने कर्मचारियों को कूड़ा डालने से मना करते हुए कूड़े की गाड़ियों को वापस भेज दिया था। जिस पर सफाई कर्मचारियों ने नगर से कूड़ा उठाने से हाथ खड़े कर दिए हैं। नगर से प्रतिदिन करीब 25 टन कूड़ा निकलता है, जिसका निस्तारण करना नगर पालिका के लिए सिरर्दद बन गया है।
इस समस्या को देखते हुए पालिका ने कूड़ा डंप करने के लिए किराए पर जमीन भी तलाशी है, मगर पालिका को अभी तक कोई जमीन नहीं मिली है। पालिका के खाद्य एवं सफाई निरीक्षक नेपाल सिंह ने बताया कि सफाई कर्मियों ने सोमवार को नगर से कूड़ा नहीं उठाया, जिससे पालिका की परेशानी बढ़ गई है।