मावा, तेल व मिठाई के 11 नमूने जांच के लिए भेजे
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को एक गाड़ी में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा बदबूदार चार क्विंटल मावा नष्ट कराया है। टीम ने मावे के नौ नमूने जांच के लिए भेजे है। इसके अलावा खेकड़ा के मेन बाजार से सरसों का तेल और बूंदी के लड्डू का नमूना जांच के लिए भेजा गया है।
त्योहारों पर मिलावटी व खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई जारी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को मीतली चौराहे से गाड़ी से बिक्री के लिए ले जाए जा रहे चार क्विंटल मावा नष्ट कराया है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीके राठी ने बताया कि मावे से बदबू आ रही थी। इसी कारण मौके पर ही मावा को नष्ट कराया। मावा के नौ सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे है। इसके अलावा टीम ने खेकड़ा के मेन बाजार की किराना की दुकान से पनसारी ब्रांड सरसों का तेल व चंदेला स्वीट्स की दुकान से बूंदी के लड्डू का नमूना जांच के लिए भेजा है। बृहस्पतिवार को टीम ने 11 नमूने जांच के लिए भेजे है।