बागपत। यहां सुबह और शाम कोहरा छाने के साथ ही पाला पड़ने से ठिठुरन के साथ-साथ गलन बढ़ गई है। सोमवार को तापमान स्थिर रहा, लेकिन ठंड का अधिक अहसास हुआ। न्यूनतम तापमान आठ डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर में केवल धूप से ही राहत मिली। लोगों ने अलाव का सहारा लेकर सर्दी से बचने का प्रयास किया।
यहां तीसरे दिन भी कोहरा छाया रहा। पाले और कोहरे के साथ सोमवार सुबह की शुरूआत हुई। दोपहर करीब 12 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। कोहरे का असर शहरी क्षेत्र में कम तथा देहात क्षेत्र में अधिक रहा। कोहरे के कारण वाहन चालकों को गाड़ी चलाने में परेशानी हुई। दोपहर 12 बजे के बाद कोहरा छंटने के बाद सूर्य देव के दर्शन हुए। दिन चढ़ने के साथ ही धूप निकलने पर लोगों ने राहत की सांस ली और लोग छतों पर बैठकर धूप सेंकते नजर आए। पाले की सफेद चादर सी बिछी थी। सड़कों के किनारे पर धूप निकलने तक हालात ऐसे ही रहेे। तापमान में गिरावट के साथ ही सर्दी बढ़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी मौसम साफ रहने का अनुमान नहीं है।