अग्रवाल मंडी टटीरी। मूल रूप से ग्राम हिलवाड़ी निवासी फ्लाइंग अफसर शिवम तोमर वायु सेना में फाइटर पायलट बन गए हैं। उनकी इस सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल है।
हैदराबाद स्थित एयरफोर्स अकादमी में शनिवार को हुई पासिंग आउट परेड के बाद शिवम तोमर ने फ्लाइंग अफसर पद की शपथ ली। कोरोना की वजह से इस बार पासिंग आउट परेड में माता-पिता शामिल नहीं हो पाए। इसलिए पीओपी का लाइव प्रसारण किया गया। शिवम के परिजनों ने भी टीवी पर अपने लाड़ले के कंधों पर रैंक लगते देख गौरव महसूस किया।
परिवार को शिवम पर गर्व
शिवम तोमर मूल रूप से जिला बागपत स्थित ग्राम हिलवाड़ी निवासी हैं। उनका परिवार फिलहाल मेरठ के रोहटा रोड स्थित बन्नु मियां कॉलोनी में रहता है। उनके पिता बिजेंद्र तोमर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में कार्यरत हैं। मां पूनम तोमर गृहिणी हैं। बड़ी बहन निधि तोमर लखनऊ से मास्टर इन सर्जरी (एमएस) कर रही हैं। वह बड़ा भाई शुभम तोमर सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। शिवम की सफलता से पूरा परिवार खुश है।
बचपन से ही होनहार
फ्लाइंग अफसर शिवम तोमर ने 12वीं तक की शिक्षा राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल बेलगाम (कर्नाटक) से हासिल की। उसके बाद 2017 में उनका चयन राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में हुआ था। एनडीए में तीन सालों के कड़े शिक्षण-प्रशिक्षण के बाद शिवम पिछले साल एयरफोर्स अकादमी पहुंचे। वहां उनका सपना पूरा हुआ।