-झगड़े में दोनों पक्षों की महिलाओं समेत सात घायल, सीएचसी में कराया गया उपचार
फोटो 12 ओर 12ए
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बच्चों के झगड़े में शनिवार को हरचंदपुर गांव में दो पक्ष आमने-सामने आ गये। इनके बीच लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई। वहीं पथराव भी हुआ, जिसमें दोनों पक्षों की महिलाओं समेत सात घायल हो गए। इनका सीएचसी में उपचार कराया गया। उधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
हरचंदपुर गांव के रहने वाले वाशिद ने बताया कि शनिवार को पड़ोस के चांद पक्ष के बच्चों के साथ उनके परिवार के बच्चे खेल रहे थे। इनके बीच मारपीट हो गई। आरोप लगाया कि बच्चों में मारपीट होने पर चांद पक्ष ने उनके घर पर हमला कर दिया। मारपीट कर हबीब, आसमा और अफसाना को भी घायल कर दिया। वाशिद ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने फायरिंग भी की। इसके बाद लोगों के आने पर पथराव करते हुए भाग गए। उधर, दूसरे पक्ष की आसमा ने बताया कि पड़ोस में मौत होने पर उनका परिवार वहीं गया हुआ था, तभी हबीब पक्ष के लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट कर कैश, अशरफ और आसमा को घायल कर दिया। दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।