बागपत। जिले में झोलाछापों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीएमओ डॉ दीपा सिंह ने नोटिस का जवाब न देने पर पांच के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
डॉ दीपा सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान एक जून को लूंब गांव के ईश्वर व विनय, तीन जून को दाहा के अश्वनी त्यागी, सुबोध और छह जून को बड़ौत के आरिफ को नोटिस भेजकर डिग्री उपलब्ध कराने के लिए कहा था। नोटिस जारी होने के तीन दिन के अंदर जवाब देना था, लेकिन किसी ने भी विभाग को न तो कोई डिग्री उपलब्ध कराई और न ही अपना रजिस्ट्रेशन उपलब्ध कराया। मंगलवार को उन्होंने अपनी टीम के सदस्य अजय कुमार की ओर से पांचों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। डॉ दीपा सिंह ने बताया कि झोलाछाप के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है, भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा। बिना डिग्री व रजिस्ट्रेशन के चिकित्सालय खोलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।