बड़ौत। प्रदेश के फिरोजाबाद और अन्य जिलों में बुखार और डेंगू से हुई मौत के बाद जिले में स्वास्थ्य महकमा घरों पर जाकर बुखार और डेंगू के रोगियों की तलाश कराएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार यानी आज से विशेष संवेदीकरण एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत कर रहा है। इसके अलावा नियमित टीकाकरण में छूटे दो वर्ष तक के बच्चे, गर्भवती महिला और कोविड टीकाकरण में छूटे 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की सूची तैयार कराई जाएगी। डेंगू रोग वाले संदिग्धों की जांच भी की जाएगी।
सीएचसी अधीक्षक डा विजय कुमार ने बताया कि बड़ौत ब्लाक में तकरीबन 126 टीम तैयार की गईं हैं। इसमें आशा, आंगनबाड़ी या फिर एनजीओ की सदस्य रहेंगी। एक टीम एक दिन में 50 घरों में जाएगी। टीम बुखार और डेंगू के लक्षण वालों लोगों की सूची बनाएगी। उनकी जांच कराएगी। जिसे सर्दी-जुकाम होगा, उसकी कोविड और टीबी की जांच कराई जाएगी। इसके अलावा नियमित टीकाकरण में दो वर्ष तक के जो बच्चे छूटे होंगे।
इन पांच बातों की ली जाएगी जानकारी
- बुखार तो नहीं आ रहा।
- किसी को कोरोना के लक्षण तो नहीं।
- टीबी रोगी
- नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चे एवं गर्भवती महिलाएं।
- 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वाले व्यक्ति को कोरोना के टीके की पहली खुराक लगी है या नहीं।