रमाला। थाना क्षेत्र के कासिमपुर खेड़ी गांव में बीती 22 अप्रैल को महिला की विद्युत तार से गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आरोपी ससुर को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पति को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
इंस्पेक्टर रवेंद्र यादव ने बताया कि बीती 22 अप्रैल को अलावलपुर निवासी सन्नवर ने थाने में जानकारी दी थी। उसने बताया था कि कासिमपुर खेड़ी गांव में उसकी बेटी रसीदा की दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विद्युत के तार से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पीड़ित पिता सन्नवर की तहरीर पर पुलिस ने पति आसिफ़ व ससुर यूसुफ के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आसिफ़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी ससुर यूसुफ फरार चल रहा था। पुलिस ने रविवार को कासिमपुर खेड़ी रेलवे फाटक से यूसुफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया। संवाद