बागपत के बदरखा गांव के किसान बोबी ने छपरौली थाना पुलिस पर आरोप लगाया कि खेत में खड़ी बाइक मांगने पर नहीं दी तो पुलिसवालों ने उसे थाने में बंद कर दिया और बेरहमी से पिटाई की। धमकी दी कि कोई कार्रवाई की तो केस में फंसा दिया जाएगा। पीड़ित ने एसपी दफ्तर पर पहुंचकर शिकायत की।
किसान बॉबी का कहना है कि वह सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे अपने खेत में गेहूं की फसल काट रहा था। उसकी बाइक खेत में ट्यूबवेल के पास खड़ी हुई थी। तभी छपरौली थाना पर तैनात एक दारोगा और सिपाही, सरकारी जीप लेकर वहां पर पहुंचे और उससे बाइक बड़ौत ले जाने के लिए मांगने लगे। मना करने पर आरोप है कि पुलिस वालों ने बाइक पर तीन सवारी बैठाने और ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होना दर्शाकर चालान काट दिया। इतना ही नहीं उसे अपनी जीप में बैठाकर थाने ले गए। वहां पर उसकी पुलिस वालों ने उसकी बुरी तरह से पिटाई की।
उसके पिता ने गांव के कुछ लोगों के साथ थाने पहुंचकर उसे छोड़ने की मांग की तो पुलिस वालों ने उनके साथ भी गाली-गलौज कर वहां से भगा दिया। उसे मंगलवार दोपहर 12 बजे थाने से छोड़ा गया। धमकी दी कि कोई कार्रवाई की तो उसे केस में झूठा फंसा दिया जाएगा। पीड़ित ने एसपी दफ्तर पर पहुंचकर घटना की शिकायत की है। एसपी रवि शंकर छवि का कहना है कि उनके पास इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।