बिनौली और खेकड़ा में बनेंगे किसान कल्याण केंद्र
सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने कृषि मंत्री से की थी मांग, मिली स्वीकृति
इसी माह के आखिर में शुरू हो सकता है निर्माण कार्य, किसानों में खुशी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बागपत सांसद डा. सत्यपाल सिंह के प्रयास से जल्द ही बिनौली व खेकड़ा में किसान कल्याण केंद्र बनेंगे। कृषि मंत्री ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। किसान कल्याण केंद्र बनने की सूचना से क्षेत्र के किसानों में खुशी है।
दो दशक से बिनौली और खेकड़ा ब्लाक से जुड़े हजारों किसान इसके लिए आवाज उठा रहे थे। कृषि विभाग भी कई बार प्रस्ताव शासन को भेज चुका था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कुछ माह पूर्व बागपत सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को देखते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से मिलकर बिनौली व खेकड़ा में किसान कल्याण केंद्र बनाने को लेकर बातचीत की थी। अब कृषि मंत्री ने स्वीकृति दे दी है। सांसद ने सोमवार को कृषि मंत्री को पत्र भेजकर बागपत के किसानों की तरफ से आभार जताया।
इस संबंध में एसडीओ कृषि तेजपाल सिंह चौहान का कहना है कि केंद्र बनने से क्षेत्र के हजारों किसानों को लाभ मिलेगा। फरवरी माह के आखिर तक निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। किसान कल्याण केंद्र में किसानों की फसल और बीज को सुरक्षित रखने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही उनके बैठने के लिए एक जगह मिल सकेगी। किसानों के लिए मीटिंग हॉल समेत कई सुविधाएं होंगी।