रटौल। नए औद्योगिक क्षेत्र की जमीन के अधिग्रहण को लेकर शनिवार को पूरनपुर नवादा गांव में हुई पंचायत में विधायक योगेश धामा ने कहा कि जमीन सोने जैसी है, जिसका अच्छा मुआवजा दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुआवजा बढ़ाने की मांग को लेकर फिर से मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी।
पूरनपुर नवादा गांव के मंदिर में आयोजित पंचायत में 12 गांवों के किसान शामिल हुए। पंचायत में पूर्व प्रधान जय भाटी ने कहा कि 12 गांवों में दो हजार हेक्टेयर जमीन चिह्नित करने के बाद यूपीसीडा के अफसर सहमति पत्र भरवा रहे है, जबकि अभी तक जमीन का मुआवजा नहीं बढ़ाया गया। इसके अलावा जमीन के बैनामों पर रोक भी लगाई गई है, जिससे किसान परेशान हैं। किसानों की मांगों पर अभी तक विचार भी नहीं किया गया। मुआवजा बढ़ाने की मांग मुख्यमंत्री से भी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में बैनामों से रोक नहीं हटाई जाने पर डीएम से मिलकर समस्या उठाई जाएगी। इसके बाद उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। पंचायत की अध्यक्षता रतिराम गढी कंलजरी और संचालन महेश ने किया। इस मौके पर भूपेंद्र यादव, रवि बैसला, दीपक शर्मा, राकेश कुमार, लीलु प्रमुख और कृष्णपाल समेत अन्य किसान मौजूद रहे।