युवाओं में वेलेंटाइन डे को लेकर दिखा उत्साह
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। युवाओं में वेलेंटाइन डे का उत्साह देखने को मिला। वे अलग-अलग बहाने घर से निकले और इजहार ए इश्क किया। युवाओं पर पूरे दिन वेलेंटाइन डे की खुमारी रही।
वेंलेंटाइन वीक के अंतिम दिन सोमवार को युवा एक-दूसरे से मिलने के लिए बेकरार रहे। युवाओं को घर से निकलने के लिए कई बहाने बनाने पड़े। स्कूल-कॉलेज के अतिरिक्त पार्क, रेस्टोरेंट, कोचिंग सेंटर आदि में युवाओं ने एक-दूसरे को गिफ़्ट दिए। कुछ युगल सुरक्षित स्थान की तलाश में घूमते दिखाई दिए।
महंगे बिके गुलाब और बुके
वेंलेंटाइन डे पर सुबह जल्दी बाजारों में फूलों की दुकानें सज गईं। इन दुकानों पर विशेष रूप से फूल व बुके सजाए गए। विक्रेताओं ने चालीस से पचास रुपये तक एक फूल बेचा। बुके दो सौ से चार सौ रुपये में बिके। इसके बावजूद लोगों ने जमकर खरीदारी की।
नवदंपतियों में भी रहा उत्साह
वेंलेंटाइन डे सिर्फ युवाओं ने नहीं मनाया, बल्कि इसमें नवदंपती भी आगे रहे। उन्होंने एकदूसरे को गुलाब का फूल व अन्य आर्कषक उपहार देकर सेलिब्रेट किया। कई नवदंपती इन दिन रेस्टोरेंट में गए।