खेकड़ा (बागपत)। सीएमओ ने सीएचसी स्थित कोविड अस्पताल का मंगलवार को निरीक्षण किया। वहां कमरों के टूटे दरवाजों को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने चिकित्सकों को व्यवस्था दुरुस्त कराने की हिदायत दीं।
कोरोना के बढ़तेे संक्रमण को लेकर खेकड़ा नगर स्थित सीएचसी को फिर से कोविड अस्पताल में तब्दील कर दिया है। रविवार को नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने कोविड अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्हें अस्पताल में कई खामियां मिली थीं। इसको लेकर मंगलवार को सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार खेकड़ा सीएचसी पहुंचे। वहां उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट को देखकर चिकित्सकों से उसकी क्षमता की जानकारी ली। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक डॉ. ताहिर को अस्पताल में सफाई रखने, टूटे दरवाजों की मरम्मत कराने, शौचालयों की हालत में सुधार कराने के कडे़ निर्देश देने के साथ ही आवश्यक हिदायतें दीं। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह, कोविड प्रभारी डॉ. ताहिर, धर्मेंद्र सिंह, संजीव सांगवान, बीपीएम रूपेंद्र शर्मा, वीर प्रताप सिंह, सचिन शर्मा, अभिषेक यादव, विपिन कुमार आदि मौजूद रहे।