बागपत। जनपद के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत गांवों में पानी की टंकियों का निर्माण कराया जाएगा। जिले में 2024 तक 178 ग्राम पंचायतों में पानी की टंकी का निर्माण कराने का लक्ष्य है। इसके लिए राज्य स्वच्छता एवं पेयजल मिशन समिति की ओर से गुणवत्ता की जांच के लिए अहमदाबाद की फर्म नामित की गई है। जिला स्तर पर जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन समिति बनाई है।
गांवों के घर-घर में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की है। डीएम समिति के अध्यक्ष एवं जल निगम के अवर अभियंता को सचिव बनाया है। गांवों में पेयजल टंकी का निर्माण कराने के लिए इससे पूर्व निर्माण एजेंसी, ग्राम प्रधान व जिला समिति के बीच एग्रीमेंट होगा। निर्माण के उपरांत हैदराबाद की संस्था गुणवत्ता जांचेंगी। निर्माण की जांच नामित संस्था के निरीक्षक, जल निगम के जेई व ग्राम प्रधान करेंगे।
सात गांवों का सर्वे पूरा, डीपीआर की तैयार
जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले की सात ग्राम पंचायतों में टंकियों के निर्माण का सर्वे पूरा कर लिया है। इनकी डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी हैं। अन्य ग्राम पंचायतों में टंकी के निर्माण के लिए सर्वे जारी है।
ब्लॉकवार ऐसे होना है पानी की टंकी का निर्माण
जल जीवन मिशन अंतर्गत बागपत ब्लॉक में 45, खेकड़ा ब्लॉक में 40, पिलाना में 32, बड़ौत में 27, छपरौली में 13 और बिनौली में 21 ग्राम पंचायतों में नई टंकियों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त छपरौली में चार, पिलाना में एक, बिनौली में दस, बड़ौत में 12 पुरानी पानी की टंकियों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
वर्जन
जल जीवन मिशन अंतर्गत सरकार ने 2024 तक प्रत्येक गांव में शुद्ध जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिले में 178 ग्राम पंचायतों में नई परियोजनाएं तैयार की जाएंगी। शासन स्तर से परियोजनाओं का निर्माण अहमदाबाद की संस्था और निर्माण की जांच के लिए हैदराबाद की संस्था को नामित किया गया है। -रवींद्र सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम