बड़ौत (बागपत)। पुलिस की ढीली कार्यशैली के चलते चोर व बदमाश सक्रिय हो गए हैं। गत देर रात्रि चोरों ने पूर्वी यमुना नहर की पटरी स्थित मोटर रिपेयरिंग वर्कशाप में सेंधमारी कर लाखों रुपये की कीमत का सामान चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह उद्यमियों को घटना की सूचना लगी तो उन्होंने आक्रोश जताते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाकर हंगामा किया। उधर, सूचना पाकर पहुँची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पूर्वी यमुना नहर की पटरी पर नगर निवासी सरदार भजन सिंह की विश्वकर्मा मोटर रिपेयरिंग वर्क्स के नाम से वर्कशॉप है। गत रविवार रात्रि उद्यमी सरदार भजन सिंह वर्कशाप को बंदकर घर गए थे। सोमवार सुबह वर्कशाप पर पहुंचे तो ताले टूटे मिले और अंदर से मशीनें, लोहे का काफी सामान, उपकरण आदि सामान गायब था। इसको लेकर उन्होंने हंगामा किया। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। वर्कशॉप मालिक भजन सिंह ने बताया कि वर्कशॉप से लाखों रुपये का सामान चोरी हुआ है। इसकी तहरीर भी कोतवाली में दी गई है। उधर, सीओ युवराज सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।