लौहड्डा में घर में घुसकर महिला से अश्लील हरकतें कर पीटा
बड़ौत। क्षेत्र के गांव लौहड्डा में शनिवार की रात में चार युवकों ने एक घर में घुसकर महिला के साथ अश्लील हरकतें की। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की । बाद में आरोपी महिला को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। इस संबंध में तीन को नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
रूबी पत्नी अनिल कुमार निवासी लौहड्डा ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि गांव के ही गौतम, अजित, नीटू व एक अज्ञात शनिवार की रात में उनके घर में घुसे और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगे, जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी महिला को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। महिला ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और घटना की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपियों के घरों में दबिश भी दी, लेकिन आरोपी घर नहीं मिले। इस घटना से गांव में तनाव बना हुआ है।