बागपत। अहैड़ा रेलवे हॉल्ट पर एक्सप्रेस ट्रेन का टिकट न देने पर एक टिकट वितरक पर चाकू से हमला किया गया। हमलावरों पर साढ़े 39 हजार रुपये लूटने का भी आरोप है। पुलिस ने बुधवार को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल टिकट वितरक यशवीर सिंह ने बताया कि यह घटना 13 नवंबर की सुबह हुई थी। वह एक्सप्रेस ट्रेन के टिकट बांट रहे थे तभी वीनू उर्फ भूरी लोकल टिकट मांगने आया। यशवीर सिंह ने उसे लोकल टिकट पर एक्सप्रेस में यात्रा न करने की बात कही। उन्होंने भूरी को एक्सप्रेस ट्रेन का टिकट लेने की सलाह दी। इस पर भूरी और उसके दो साथियों ने गाली-गलौज की। उन्होंने लात मारकर कक्ष का दरवाजा खोल दिया और अंदर घुस गए। इसके बाद यशवीर सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद वह बेहोश होकर फर्श पर गिर गए। होश आने पर उन्होंने देखा कि कक्ष में रखे साढ़े 39 हजार रुपये गायब थे। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और यशवीर सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।