बागपत महोत्सव ‘अमृतांजलि’ में शुक्रवार को जिला स्तरीय पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बागपत महोत्सव ‘अमृतांजलि’ में शुक्रवार को नेहरू युवा केंद्र की ओर से जिला स्तरीय पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी राज कमल यादव ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने युवाओं को संसद में बनने वाले कानूनों की प्रक्रिया को समझने एवं योजनाओं की जानकारी लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के प्रसारण से किया गया। इसके उपरांत विभागीय अधिकारियों ने युवाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, आयुष्मान भारत योजना, मिशन शक्ति एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, लैंगिक समानता, मुद्रा एवं स्टार्टअप योजना की जानकारी दी। सीएचसी अधीक्षक डा. विभाष राजपूत ने युवाओं को कोरोनारोधी टीकाकरण कराने व लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। जिला युवा अधिकारी अरुण तिवारी ने अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए।
शाम को मैजिक शो व मथुरा वृंदावन का मयूर नृत्य व लोक नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत कर जमकर वाहवाही लूटी। शनिवार को मिशन शक्ति सम्मेलन, सुशासन दिवस कार्यक्रम और शाम को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। डीआईओएस रवींद्र सिंह, परियोजना निदेशक डूडा रजनी पुंडीर, उपनिदेशक कृषि प्रशांत कुमार, लेखा सहायक आंचल, नीतिश भारद्वाज, रश्मि, कविता, सुमित, दानिश, अजय कुमार, दीपांशु कौशिक, शेर सिंह गुर्जर, प्रशांत धामा, अर्जुन देव त्यागी, रोहित मौजूद रहे।