संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। मंगलवार की सुबह हुई बरसात से बड़ौत नगर और देहात क्षेत्र के कई गांवों की विद्युत व्यवस्था चौपट हो गई। विद्युत आपूर्ति सूचारु कराने के लिए लोग कर्मचारियों व अधिकारियों के फोन मिलाते रहे, लेकिन किसी ने भी फोन रिसीव नहीं किया।
विद्युत व्यवस्था एक्सईएन द्वितीय कार्यालय से जुडे़ बिजरौल, बामनौली, दोघट, पुसार, दाहा, संतनगर, रंछाड, सिरसली, कान्हड, कंडेरा, छछरपुर, गूंगाखेड़ी सहित कई गांवों में ठप रही। इससे गांव में पेयजल संकट गहरा गया। जयवीर, प्रवीण, उधम, कपिल, दिनेश, राहुल, कविन्द्र, प्रवेश आदि का आरोप है कि विद्युत आपूर्ति सुचारु कराने के लिए लोग निगम के अफसरों व कर्मचारियों को फोन मिलाते रहे, लेकिन किसी ने भी फोन रिसीव नहीं किया। उधर, एक्सईएन द्वितीय के कार्यवाहक अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह ने बताया कि बरसात से जिन गांवों में सप्लाई ठप हो गई थी, वहां पर विद्युत कर्मियों को भेजा जा चुका है।