बड़ौत रेलवें स्टेशन पर निरीक्षण पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर बनवारी लाल।
- फोटो : BARAUT
दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर जून से दौड़ेगी इलेक्ट्रिक ट्रेनें
बड़ौत। सब कुछ ठीक रहा तो दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर जून 2020 से इलेक्ट्रिक ट्रेनें दौड़ेंगी। प्रथम चरण में लोनी से शामली तक इसका संचालन शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लोनी से शामली तक छह सौ पोल लगाए जा चुके है। अब मात्र 500 विद्युत पोल लगाए जाने हैं। इलेक्ट्रिक ट्रेनों के चलने से यात्रियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी।
रेलवे ने गत वर्ष प्रथम चरण के तहत 15 दिसंबर 2019 से विद्युतीकरण का कार्य शुरू कराया था। लोनी से शामली तक 1100 विद्युत पोल लगाए जाने थे। शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर पहुंचे सीनियर सेक्शन इंजीनियर बनवारी लाल गुप्ता ने बताया कि जून 2020 से इस मार्ग पर शामली तक इलेक्ट्रिक ट्रेन का संचालन कराने का लक्ष्य रखा गया है। लोनी तक तो इलेक्ट्रिक ट्रेनें चलाई जा रही है। इसी का विस्तार करने के लिए रेलवे ने यह कार्य शुरू कराया है। इसके तहत बड़ौत, शामली और सहारनपुर में टपरी रेलवे स्टेशन तक का विद्युतीकरण का कार्य होना है। रेलवे लाइन के दोनों तरफ इलेक्ट्रिक पोल और लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इस अवसर पर उन्होंने स्टेशन अधीक्षक ओमवीर सिंह व पूर्व स्टेशन अधीक्षक पीके बोस से भी बातचीत की।