बड़ौत। दो दिन में फुंके 124 ट्रांसफार्मर से प्रभावित हुई बिजली आपूर्ति और विभाग के अधिकारियों द्वारा सरकार की योजना को दिखाए जा रहे ठेंगे की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होते ही अधिकारी हरकत में आ गए। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने एक ही दिन में 50 ट्रांसफार्मर बदल दिए। बाकी खराब पड़े ट्रांसफार्मर को भी बदलने का कार्य शुरू कर दिया गया है। ट्रांसफार्मर बदले जाने से किसानों ने राहत की सांस ली है।
अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में खराब पड़े ट्रांसफार्मर की खबर प्रमुखता पर प्रकाशित की थी। जिसमें लगातार खराब हो रहे ट्रांसफार्मर और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से खराब हो रही किसानों की समस्या को उठाया था। बता दें कि विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कई कई दिन तक खराब ट्रांसफार्मर को बदलना तो दूर कागजी कार्रवाई भी करने को तैयार नहीं थे। जनप्रतिनिधि भी शिकायत करके थक चुके। खराब व्यवस्था के लिए अधिकतर अधिकारियों ने जेई को दोषी ठहराया था।
मंगलवार की दिन निकलते ही विद्युत विभाग के अधिकारियों ने पूरे मामले पर संज्ञान लिया और देर शाम तक ट्रांसफार्मरों को बदलने का कार्य शुरू हो गया। शाम तक लगभग 50 विद्युत ट्रांसफार्मर बदले गए। फूंके विद्युत ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य देर रात्रि तक जारी रहा।
सीटीआर पर तैनात एसडीओ प्रवेश गिरि ने बताया कि सीटीआर वर्कशाप पर पर्याप्त संख्या में ट्रांसफार्मर रखे हुए हैं। खराब पड़े सभी ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे।