संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। चमरावल के रॉयल कांवेंट इंटर कॉलेज में छात्र आयुष की मौत के बाद डीएम की ओर से गठित टीमों ने सोमवार को नगर व देहात क्षेत्र में स्कूलों में छापे मारे। इसके बावजूद टीम को 11 स्कूल नहीं मिले। वहीं, कई स्कूलों में अग्निशमन यंत्र, छात्र सुरक्षा व बोर्ड तक नहीं लगे मिले। टीम ने रिपोर्ट डीएम को भेज दी है।
एबीएसए प्रकाश चंद ने बताया कि नगर क्षेत्र में डिवाइन ग्लोबल एकेडमी, किस्टु ज्योति, ग्रोवेल स्कूल खत्री गढ़ी, चौधरी केहर सिंह दिव्य पब्लिक स्कूल में जांच की गई। यहां मान्यता के अनुसार बच्चे पढ़ते मिले। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र में ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल लुहारी में अग्निशमन यंत्र व प्रिया भारती पब्लिक स्कूल लुहारी में छात्र सुरक्षा, बोर्ड तक लगे नहीं मिले। इनके अतिरिक्त नवयुग प्ले स्कूल में अमान्य कक्षाएं संचालित होती मिलीं। सरस्वती शिक्षा सदन गूंगाखेड़ी, नवदीप पब्लिक स्कूल व न्यू लाइट पब्लिक स्कूल में बोर्ड लगे नहीं मिले। बीईओ ने बताया कि क्षेत्र के 21 स्कूलों को चेक किए। इनमें से 11 स्कूल नहीं मिले। इनके बारे में पता कराया जा रहा है।
नोटिस चस्पा किया
बीईओ प्रकाश चंद ने बताया कि नेहरू रोड स्थित जौहर पब्लिक स्कूल में आठवीं कक्षा तक मान्यता है परंतु 12 वीं कक्षा तक संचालित है। स्कूल संचालकों ने कक्षा नौ से 12 तक कोचिंग की मान्यता दिखाई है। इस पर उन्हें दूसरे स्थान पर कोचिंग देने के लिए कहा है। स्कूल और कोचिंग में बच्चों की संख्या देख सीढ़ियां संकीर्ण हैं। यहां नोटिस चस्पा किया है। उधर, इस संबंध में स्कूल की प्रधानाचार्या रचना जौहर ने बताया कि स्कूल की मान्यता कक्षा एक से आठ तक है। वहीं, कक्षा नौ से 12 तक कोचिंग की मान्यता है। सीढ़ियां एक हैं परंतु भवन अलग हैं। उधर, शिक्षक संदीप तोमर के नेतृत्व में एक टीम ने होली चाइल्ड, होली एंजेल्स, ग्रोवेल स्कूल, दून पब्लिक स्कूल, दयांनद बाल विद्या मंदिर व माधव पब्लिक स्कूल में पहुंचकर जांच की। इस टीम को खत्री गढ़ी स्थित होली एंजिल्स पब्लिक स्कूल में नर्सरी, एलकेजी की कक्षाएं संचालित मिलीं। इसके अतिरिक्त नेहरू रोड स्थित दून पब्लिक स्कूल में भी कक्षा 1 से 8वीं तक की मान्यता मिली जबकि यहां पर प्राइमरी सेक्शन की भी कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। नेहरू रोड स्थित उड़ान पब्लिक स्कूल का रास्ता सीढ़ियों के माध्यम से मिला, जो काफी संकरा था। इन स्कूलों की रिपोर्ट भी जिलाधिकारी को भेज दी है।