-आए दिन पड़ी रहती हैं खराब, टिकट लेने में यात्रियों को होती है परेशानी
-बार-बार शिकायतों के बावजूद ध्यान नहीं दे रहे अधिकारी
फोटो संख्या 1
बड़ौत। रेलवे स्टेशन पर लगी ई-टिकटिंग मशीन की वजह से यात्री परेशान हैं, क्योंकि यह आए दिन खराब पड़ी रहती है। ऐसे में यात्रियों को टिकट लेने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बाजवूद विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
कुछ साल पहले नगर के रेलवे स्टेशन पर जनरल श्रेणी काउंटर के समीप ई-टिकटिंग मशीन को स्थापित किया था। मंशा यह थी कि यात्रियों को जनरल टिकट लेने के लिए लंबी लाइन में खड़े होकर देर तक इंतजार न करना पड़े। कुछ दिन तो इस मशीन से खूब टिकट बिके, लेकिन अब ये मशीन लगभग ठप पड़ी है। हालत यह है कि एक दिन में महज औसतन 100 से 150 टिकट ही बिक पा रहे हैं और कमोबेश पूरे दिन सन्नाटा रहता है। दूसरी तरफ मैनुअल काउंटर पर लंबी लाइन में लगने के बाद यात्रियों को टिकट खरीदने पड़ रहे हैं। इस चक्कर में यात्रियों को ट्रेन छूटने का भी डर सताता रहता है। प्रवीण, आजाद, सुरेश, नवीन, संदीप, अरुण, अनुज ने रेलवे अधिकारियों से ई-टिकटिंग मशीन को नियमित रूप से संचालित कराए जाने की मांग की। स्टेशन अधीक्षक सुधीर शर्मा का कहना है कि इस संबंध में विभागीय अफसरों को सूचना व शिकायत दी गई है। जल्द ही ई-टिकटिंग मशीन अच्छा काम करेगी।