बागपत। डाक्टरों के साथ मारपीट करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने का मामला बढ़ता जा रहा है। इससे नाराज डाक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों ने बृहस्पतिवार को काली पट्टी बांधकर कार्य किया। पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी दी गई।
बागपत सीएचसी पर तैनात डा. विकास प्रकाश, डा. मुकेश कुमार व उनके दोस्त डा. जीके सिंह पिछले सप्ताह देर रात करीब एक बजे दिल्ली रोड से दूध लेकर लौट रहे थे। आरोप है कि नगर के राष्ट्र वंदना चौक पर खड़े पुलिस कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की थी। उन्होंने बताया भी था कि वह सरकारी डाक्टर है और उनके कुछ दोस्त आ गए हैं, इसलिए वह उनके लिए दूध व खाने का सामान लेने आए है। इस मामले में शिकायत देने के बाद भी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। इससे गुस्साए डाक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों ने बृहस्पतिवार को काली पट्टी बांधकर कार्य किया। पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी दी गई।