बागपत। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में शनिवार को खूब हंगामा हुआ। पहले तो कुर्सी ना मिलने पर भाजपा से जुड़े सदस्य नीचे बैठे गए, जिसे लेकर काफी देर तक हंगामा हुआ। कुर्सी का विवाद कुछ शांत हुआ तो सदस्यों ने विकास कार्य नहीं कराने की बात कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बोर्ड बैठक में शुरू से लेकर आखिर तक हंगामा चलता रहा। इसी हंगामे के बीच विकास कार्यों के लिए 12 करोड़ 75 लाख और मनरेगा के दो करोड़ 20 लाख रुपये के बजट का प्रस्ताव पास हुआ।
जिला पंचायत के सभागार में शनिवार को अध्यक्ष ममता किशोर की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक शुरू हुई। भाजपा के जिला पंचात सदस्य लक्ष्मण, मनुपाल बंसल, जयकुमार सबसे बाद में पहुंचे। इन लोगों को बैठने के लिए एक भी कुर्सी खाली नहीं थी। इसे लेकर तीनों सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया और जिला पंचायत अध्यक्ष ममता किशोर और सीडीओ रंजीत सिंह की कुर्सी के पास ही जमीन पर बैठ गए। अन्य सदस्यों ने समझाया तो नोकझोंक होने लगी। इसके बाद कुर्सियां खाली कराकर उन्हें बैठाया गया। इसके बाद बैठक की कार्रवाई शुरू की गई तो अधिकतर सदस्यों ने विकास कार्य नहीं कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि एक साल का समय बीतने के बाद भी विकास कार्य नहीं हुए है। मनुपाल बंसल ने कहा कि उनका दिया हुआ एक भी कार्य मंजूर नहीं किया गया। उनसे भेदभाव किया जा रहा है। हालात यह है कि लोग उनको विकास कार्य नहीं होने पर ताने मारने लगे है। इसलिए शादी व अन्य कार्यक्रमों में जाना बंद कर दिया है। यहीं हाल रहा तो वह सदस्य के पद से इस्तीफा दे देंगे। इस पर अध्यक्ष ममता किशोर ने बताया कि जितने प्रस्ताव पहले पास कराए गए थे, उनमें दस लाख रुपये से अधिक वाले कार्य के प्रस्ताव को मंजूरी के लिए शासन को भेजा हुआ है। वहां से अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। मंजूरी मिलने के बाद ही कार्य कराए जाएंगे।
इसी हंगामे के बीच जिला पंचायत के एमए नईम अख्तर ने 15वें वित्त आयोग से विकास कार्यों के लिए 12 करोड़ 75 लाख रुपये के बजट का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा मरेगा का वर्ष 2022-23 का दो करोड़ 20 लाख का बजट का प्रस्ताव रखा गया। इन दोनों प्रस्ताव को बैठक में पास कर दिया गया। इसके साथ ही सभी सदस्यों से जल्द अपने वार्डों के प्रस्ताव देने के लिए कहा गया है। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य सुभाष गुर्जर प्रमुख, मनुपाल बंसल, रविंद्र बली, लक्ष्मण, जयकुमार, महबूब अलवी, बबली देवी, रीता मलिक, प्रविंद्र, जयकिशोर, शौकेंद्र तोमर, गीता के प्रतिनिधि संजय डीलर, सीमा के प्रतिनिधि राजेंद्र चौधरी, शाहिदा के प्रतिनिधि फकरूद्दीन मौजूद रहे।
भाजपा और रालोद के जिला पंचायत सदस्यों में नोकझोंक
भाजपा के जिला पंचायत सदस्य डा. जयकुमार ने आरोप लगाया कि विकास कार्य नहीं कराए जा रहे है। इस पर रालोद के जिला पंचायत सदस्य बसंत तोमर ने कहा कि सबसे ज्यादा कार्य जयकुमार के वार्ड में कराए जा रहे है। इसके बावजूद सबसे ज्यादा हंगामा वही कर रहे है। अब सभी के वार्ड में बराबर कार्य होने चाहिए। जिनके वार्ड में पहले कार्य हो चुके है, उनके वार्ड में आगे नहीं कराए जाए। रालोद के जिला पंचायत सदस्य सुभाष गुर्जर भी इस लड़ाई में कूद पड़े और कहा कि सभी के वार्ड में समान विकास कार्य होने चाहिए। इसलिए जिनके वार्ड में कार्य हो चुके है, अब उनकी जगह अन्य के वार्ड में कार्य होने चाहिए।
संजय का एक भी प्रस्ताव नहीं, राजेंद्र चौधरी ने भट्ठों पर सवाल उठाया
वार्ड 16 से जिला पंचायत सदस्य गीता के पति संजय ने अपने वार्ड के विकास कार्यों के बारे में जानकारी मांगी। बताया गया कि उनकी ओर से एक भी विकास कार्य का प्रस्ताव नहीं मिला है। इस पर उन्होंने कहा कि वह कार्यालय में प्रस्ताव देकर गए थे, लेकिन उसका कोई रिकार्ड ही नहीं मिला। वहीं वार्ड आठ की जिला पंचायत सदस्य सीमा के ससुर राजेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि ईंट भट्ठों पर कार्बन व प्लास्टिक जलाया जा रहा है और उससे बागपत की हवा पूरी तरह से प्रदूषित हो गई है। उन्होंने अधिकारियों पर मिलीभगत करके भट्ठों से प्रदूषण फैलाने में मदद करने का आरोप लगाया।
नया हॉल बनाने और स्टेडियम का प्रस्ताव भी पास
सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर ने कहा कि सबसे ज्यादा हंगामा हॉल में जगह नहीं होने और कुर्सियां न मिलने के कारण किया गया है। इसलिए सबसे पहले नया हॉल बनवाया जाए, जिससे वहां सभी सदस्य आराम से बैठकर बैठक कर सके। इस प्रस्ताव पर तुरंत मुहर लगाई गई तो पहलवान शौकेंद्र तोमर ने कहा कि सभी गांवों में जिला पंचायत की जमीन का पता करके वहां स्टेडियम बनने चाहिए। वह प्रस्ताव भी सभी सदस्यों ने तुरंत पास कर दिया।