जिला पंचायत कार्यालय बागपत। संवाद
- फोटो : प्रस्तुति देते गायक।
बागपत। जिला पंचायत में विकास कार्यों को लेकर खींचतान हुई तो अब अधिकारी खजाना खाली करने में जुट गए। जहां 13 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे और वित्त वर्ष खत्म होने से पहले ही टेंडर छोड़ दिए गए। इनसे सभी बीस वार्डों में नाला, सीसी रोड, खडंजा समेत 104 कार्य कराए जाएंगे। इनमें अधिकतर कार्य भी जल्द शुरू हो जाएंगे।
जिला पंचायत में वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट अप्रैल 2024 में मिलना शुरू हो गया था। मगर, बजट को खर्च नहीं किया जा सका। पहले जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्यों में खींचतान के कारण जिला योजना मंजूर नहीं हो सकी। उस पर बाद में मुहर लगी तो उसमें शामिल कार्य शुरू नहीं हो सके।
इस तरह जिला पंचायत में करीब 13 करोड़ रुपये का बजट एकत्र हो गया था। जिला पंचायत ने इसी वित्तीय वर्ष में 31 मार्च से पहले खजाना खाली करने के लिए पूरी कार्रवाई कर दी। इसके लिए 13 करोड़ रुपये से 104 कार्य कराने को टेंडर छोड़ दिए गए।
इनमें ज्यादातर वह कार्य शामिल किए गए हैं, जिनके प्रस्ताव सदस्यों ने दिए हुए थे और वह कार्य योजना में शामिल है। इनके होने से गांवों के आसपास सड़क खराब होने, जलभराव, संपर्क मार्ग टूटने के कारण हो रही समस्या दूर होगी।