बड़ौत। परिवहन विभाग ने बड़ौत से लखनऊ के लिए सीधी बस सेवा शुरू की है, जो नगर के बिनौली बस स्टैंड से चलेगी। इसके चलने से जिले के साथ ही उन सभी जिलों के लोगों को फायदा होगा, जहां से होते हुए यह बस लखनऊ जाएगी।
यह बस रोजाना बड़ौत के बिनौली बस स्टैंड से करीब साढ़े नौ बजे चलकर मेरठ, गढ़मुक्तेश्वर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर से होते हुए लखनऊ (केसरबाग) करीब रात 12 बजे पहुंचेगी। वहां से वापस केसरबाग बस स्टैंड से सुबह 9:20 से 9:45 बजे के बीच काउंटर नंबर दो से रवाना होकर इसी रूट से रात 12 बजे बड़ौत आएगी। इसके चलने से बिजरौल, बावली, लोयन, मलकपुर, बड़ौत, लोहड्डा, वाजिदपुर, बिजवाड़ा, अंगदपुर, जोहड़ी, रंछाड़, जिवाना, बिनौली, बरनावा समेत 50 गांव के लोगों को ज्यादा फायदा मिलेगा, जो घर के पास से बस में सवार हो सकेंगे। इसके अलावा जिस रूट से यह बस लखनऊ जाएगी, वहां के लोगों को लखनऊ के लिए एक अतिरिक्त बस की सुविधा मिल जाएगी।
बस के शुरू होने से लखनऊ आने-जाने में लोगों को सुविधा मिलेगी। बीच में किसी बस स्टैंड से कोई बस नहीं बदलनी पड़ेगी। -पवन कुमार
लखनऊ जाने के लिए अब यात्रियों को मेरठ या दिल्ली जाकर ट्रेन को नहीं पकड़ना पड़ेगा। गांव के बस स्टैंड से ही बस सेवा मिलेगी। -अमित जैन
वर्जन -
यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ौत से लखनऊ के लिए सीधी बस सेवा शुरू की गई है, जिससे यात्रियों का समय व किराया भी कम लगेगा। -प्रमोद कुमार, बस संचालन प्रभारी