मृत सांप खेत में फेंकने का विरोध करने पर दिव्यांग किसान को पीटा
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। बेगमाबाद गढ़ी गांव में खेत में मृत सांप फेंकने को लेकर हुए विवाद में एक दिव्यांग किसान की पिटाई कर दी गई। यह घटना रविवार को हुई, जिसमें किसान शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर हमलावर अजयपाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित किसान शिवकुमार ने बताया कि रविवार सुबह करीब छह बजे वह अपने खेत में काम कर रहा था, तभी पड़ोसी अजयपाल एक मरा हुआ सांप लेकर आया और उसके खेत में फेंक दिया। शिवकुमार ने इसका विरोध किया और सांप को गड्ढा खोदकर दबाने के लिए कहा, जिस पर दोनों में कहासुनी हो गई। शाम को शिवकुमार एक शादी समारोह से वापस लौट रहा था। अजयपाल ने उसे रास्ते में रोक लिया और अचानक पीटना शुरू कर दिया। जब शिवकुमार की पत्नी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो अजयपाल ने उसे भी धक्का देकर गिरा दिया। इस हमले में दिव्यांग किसान शिवकुमार को गंभीर चोटें आई हैं। जांच अधिकारी केवल सिंह ने बताया कि आरोपी अजयपाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।