बागपत। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री किए जाने के कारण धनखड़ खाप के लोग कांग्रेस और टीएमसी के विरोध में उतर गए। उन्होंने फैजपुर निनाना गांव में बैठक कर कांग्रेस और टीएमसी के नेताओं को धनखड़ खाप के 62 गांवों में घुसने नहीं देने की बात कही।
शुक्रवार को फैजपुर निनाना गांव में आयोजित धनखड़ खाप की बैठक में लोगों ने कांग्रेस और टीएमसी के सांसदों पर उपराष्ट्रपति का अपमान करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। वहां नेत्रपाल धनखड़ ने कहा कि संसद में उपराष्ट्रपति का कांग्रेस और टीएमसी के सांसदों ने अपमान किया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके विरोध में समाज के लोग उतरेंगे और संसद तक विरोध करेंगे। फैजपुर निनाना गांव के पूर्व प्रधान हरेंद्र सिंह ने कहा कि बागपत जिले में धनखड़ खाप के दो गांव है, जबकि देशभर में 62 गांव धनखड़ खाप के हैं। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति का अपमान करने वाले कांग्रेस और टीएमसी के नेताओं का धनखड़ खाप के 62 गांवों में विरोध किया जाएगा और उन्हें गांव में भी घुसने नहीं देंगे। इस मौके पर सुखबीर सिंह मैनेजर, हरेंद्र, मदन, भोपाल, सुरेंद्र, सुक्रमपाल, सतेंद्र, किरणपाल, आनंद, राजेंद्र समेत अन्य मौजूद रहे।