बागपत। कान्हड़ में नया ब्लॉक बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए मंगलवार को कलक्ट्रेट में डीएम अस्मिता लाल की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई। वहां कान्हड़ गांव में चिह्नित जमीन पर नया ब्लाॅक बनाने का प्रस्ताव पास हुआ। इसमें बिनौली ब्लॉक के 26 और बड़ौत के छह गांव जोड़ने की सहमति बनी। इसका प्रस्ताव अब शासन को भेजा जाएगा।
कलक्ट्रेट में डीएम अस्मिता लाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कान्हड़ गांव में नया ब्लॉक बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसको सर्वसम्मति से पास किया गया। जिला विकास अधिकारी राहुल वर्मा ने बताया कि गांव में ब्लॉक बनाने के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। नए ब्लॉक में 32 गांवों को जोड़ा जाएगा। प्रस्ताव जल्द शासन को भेजा जाएगा और वहां से प्रस्ताव मंजूर होने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इस दौरान सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम भावना सिंह, बिनौली बीडीओ नरेंद्र सिंह, बीडीओ बड़ौत सहेंद्र कुमार, सहायक अभियंता सौरभ चौधरी मौजूद रहे।
बिनौली ब्लॉक बड़ा होने के कारण हो रही परेशानी
बिनौली ब्लॉक जिले का सबसे बड़ा ब्लॉक है और उसमें चौगामा क्षेत्र के गांव भी आते हैं। चौगामा क्षेत्र के गांवों के लोगों को समस्या के लिए बिनौली जाना पड़ता है, इसलिए पहले दाहा में ब्लॉक बनाने की प्रक्रिया शुरू हुई। इसका विरोध हुआ तो रमाला में ब्लॉक बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस तरह कई साल से खींचतान होती रही। अब कान्हड़ में ब्लॉक बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है और वहां जमीन पहले से चिह्नित होने के कारण ब्लॉक बनने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।