बिनौली। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के बरनावा आश्रम में आने की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में अनुयायी यहां पहुंच रहे हैं। रविवार को आश्रम के बाहर पार्किंग भी फुल हो गई। अनुयायी डेरा प्रमुख के दर्शन के लिए घंटों तक इधर-उधर खड़े रहे। आश्रम के सभी गेटों पर सुरक्षा कड़ी रखी गई हैं। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम और मुंहबोली बेटी हनीप्रीत के परिवार के सदस्य भी यहां पहुंच गए हैं।
डेरा प्रमुख करीब एक माह परिवार के साथ यहां रहेंगे और आश्रम के सभी गेटों पर सुरक्षा कड़ी रखी गई हैं। बताया जा रहा है कि यहां पहुंचे परिवार के सदस्यों में मां, भाई समेत अन्य सदस्यों के साथ मुंहबोली बेटी हनीप्रीत का परिवार भी शामिल है। आश्रम में अभी केवल 45 सदस्यों की एंट्री होगी, जिनकी सूची सुरक्षा कर्मियों को सौंपी गई हैं। उस सूची में सिरसा, हिसार, दिल्ली के ऐसे भी लोग शामिल है जो राम रहीम के काफी करीबी है और डेरे की व्यवस्था संभालते हैं। इनके अलावा आश्रम में अंदर किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है। राम रहीम अपना पैरोल का समय परिवार वालों के साथ बिताना चाहते हैं। इसलिए ही सभी परिवार वालों को बुलाया गया है और वह अभी किसी अनुयायी से नहीं मिल रहे हैं।
अनुयायी भी लगातार पहुंच रहे आश्रम
गुरमीत राम रहीम के आश्रम में आने की खबर अनुयायी को मिल रही है, तो आश्रम के बाहर रोजाना उनकी संख्या बढ़ रही है। रविवार को भी काफी अनुयायी पहुंचे। आश्रम की पार्किंग भी वाहनों से भर गई। अनुयायी डेरा प्रमुख के दर्शन के लिए घंटों तक वहां खड़े रहे, लेकिन सेवादारों ने उन्हें डेरा प्रमुख की घर पर ही रहकर सुमिरन करने की बात कहकर वापस भेज रहे थे। आश्रम के सभी गेटों पर सुरक्षा कड़ी रखी गई है।