बागपत/रमाला। असारा गांव में डेंगू व बुखार ने कहर बरपाया हुआ है। वहां एक सप्ताह में छह लोगों की मौत हो गई है। हालांकि 20 से ज्यादा लोग बुखार से पीड़ित हैं। उनका उपचार चल रहा है। वहीं, फैजल्लापुर गांव में दस से ज्यादा लोग बुखार पीड़ित हैं। दोनों ही गांवों में लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से शिविर लगाकर जांच कराने की मांग की है।
असारा गांव के जुकरान को कुछ दिन पहले तेज बुखार हुआ था। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी करीब पांच दिन पहले मौत हो गई। इस तरह गांव की सना, खुशी, खुशीन समेत पांच की बुखार होने के कई दिन बाद मौत हो गई। इनके अतिरिक्त गांव में अनवरी, आयशा, जैद, आफिया, आशियावती, साहिबा, अमन, आरिश आदि करीब 20 बुखार की चपेट में आए हुए हैं। इस तरह गांव में बीमारी से लगातार मौत होने से लोगों में दहशत है। इसके मद्देनजर अल्पसंख्यक अधिकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. यूूसुफ चौधरी ने गांव में कैंप लगाए जाने की मांग की है।
फैजल्लापुर में डेंगू से पीड़ित
फैजल्लापुर गांव में डेंगू व बुखार ने कहर बरपाया हुआ है। वहां शेखर पुत्र चंद्रपाल, बिट्टू पुत्र जयपाल, पवित पुत्र सुशील को डेंगू हुआ है। आरुषि व बिजेंद्र भी बीमार हैं। प्रधान मीनू देवी का कहना है कि गांव में डेंगू व बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। यहां स्वास्थ्य विभाग से शिविर लगाकर जांच कराने की मांग की गई है।
शिविर लगाकर जांचकर दवा दी जाएगी
असारा में बीमारी के बारे में जानकारी मिली है। वहां अगले ही दिन कैंप लगाने के लिए कहा गया। वह दस हजार से ज्यादा आबादी वाला गांव है। वहां कैंप लगवाकर जांच कराई जाएगी तथा दवा दी जाएगी।-डॉ. दिनेश कुमार, सीएमओ