खेकड़ा (बागपत)। नगर स्थित एक चिकित्सक के यहां बृहस्पतिवार की रात लाए गए एक मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लीनिक में तोड़फोड़ कर दी। महिला स्टाफ से अभद्रता करने का भी आरोप है। शुक्रवार को दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया है।
नगर निवासी चिकित्सक कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार की रात एक व्यक्ति को गंभीर हालत में उसके परिजन लेकर पहुंचे थे। व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ने की बात बताई थी। इस पर उन्होंने उपचार देकर मरीज को स्वस्थ करने का प्रयास किया। मगर, मरीज की हालत ठीक न होते देख उसको बडे़ अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इस पर मरीज के परिजनों ने क्लीनिक में तोड़फोड़ की। महिला स्टाफ से अभद्रता भी की। उधर, इसी मामले में अनेक लोग शुक्रवार की शाम कोतवाली में पहुंचे और प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि चिकित्सक ने उनके मरीज को सही उपचार नहीं दिया। इससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने चिकित्सक के खिलाफ शिकायती पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनो पक्षों को मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान अतुल कुमार, देव कुमार, मोनू, सनी गुप्ता, जय किशन सिंह, अमन कुमार, राकेश धामा, दीपक कुमार, शिवम, विकास, निशांत, कौशल्या देवी, नूरजहां, कमलेश देवी आदि शामिल रहे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी युवराज सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। इस संबंध में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।