- सभासद दंपती के साथ लोगों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
फोटो संख्या 5
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर कई महीने से लाइटें खराब होने के कारण जल नहीं रही हैं। इनको ठीक कराने के लिए दंपती सभासद नगेंद्र व वर्षा तोमर के नेतृत्व में लोगों ने शनिवार को तहसील में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
सभासद नगेंद्र व वर्षा तोमर ने कहा कि एनएचएआई ने दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर लोगों की सुविधा के लिए लाइटें लगवाई हुई हैं। बावली से लेकर बड़ौली तक अधिकतर लाइटें करीब छह माह से खराब पड़ी हुई हैं। इनकी कई बार शिकायत की जा चुकी है, मगर आज तक कोई समाधान नहीं किया गया है। रात में लाइटें बंद रहने से वाहन चालकों के अलावा अन्य लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा नगर की सीमा के बाहर डिवाइडरों की सफाई नहीं होने के कारण इनके पास घास जमी हुई है। उन्होंने लाइटों को ठीक कराने व डिवाइडरों के पास सफाई कराने की मांग की। वहीं एसडीएम भावना सिंह ने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर मनोज, राजू, अजय, विपिन आदि उपस्थित रहे।