खेकड़ा। केबल नेटवर्क से जुड़े वर्करों की बैठक में वर्करों ने पुलिस प्रशासन से केबल नेटवर्क के कर्मियों को आवश्यक सेवा कर्मी का दर्जा देने और केबल में आने वाली खामियों को ठीक करने के लिए जाते समय उनके साथ अभद्रता न करने की मांग की।
नगर के मोहल्ला अहिरान में यादव केबल नेटवर्क के नाम से राजेश यादव का केबल नेटवर्क है। इस नेटवर्क में 50 से अधिक मैकेनिक और लाइनमैन कार्य करते हैं। खेकड़ा नगर के साथ ही क्षेत्र के अधिकांश गांवों में भी 90 प्रतिशत से अधिक घरों में केबल के कनेक्शन है। लॉकडाउन में केबल नेटवर्क लोगों के मनोरंजन का खासा साधन रहा है। नगर क्षेत्र की केबल लाइनों में आए दिन फाल्ट बनते रहते हैं। सूचना मिलने पर नेटवर्क के लाइनमैन मौके पर पहुंचकर फाल्ट को ठीक करते हैं। नेटवर्क संचालक राजेश यादव ने कहा मार्ग से गुजरते समय पुलिस कर्मी उनके वर्करों के साथ अभद्रता करते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से केबल नेटवर्क के कर्मियों को आवश्यक सेवा कर्मी का दर्जा दिए जाने और उनके साथ अभद्रता न करने की मांग की। इसमें अमित कुमार, दिलीप सिंह, आलोक शर्मा आदि रहे।