बड़ौत। छपरौली के विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में संचालित दक्षता परीक्षण केंद्र पर दिल्ली पुलिस भर्ती के लिए 23 अक्तूबर से विशेष बैच शुरू किया जाएगा। वहां लिखित परीक्षा की निशुल्क तैयारी कराई जाएगी।
विज्ञापन
दक्षता परीक्षण केंद्र पर युवाओं को यूपी पुलिस, बीएसएफ, सीआईएसएफ, अग्निवीर, आईटीबीपी समेत अन्य भर्तियों की तैयारी कराई जाती है। यहां पर फिजिकल के अलावा लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए भी अलग से कक्षा दी जाती है। परीक्षा के पैटर्न के अनुसार युवाओं को तैयारी कराई जाती है। एक साल में केंद्र से 376 युवा कामयाब हुए, जो आज विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी कर रहे हैं। केंद्र पर हाल में काफी संख्या में युवा विभिन्न भर्तियों का प्रशिक्षण ले रहे हैं। जनसंपर्क अधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस के अभ्यर्थियों के लिए निशुल्क रूप से लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए 23 अक्तूबर से विशेष बैच शुरू किया जाएगा।