बड़ौत। डीजल, पेट्रोल व सीएनजी के बढ़ते दामों को लेकर मंगलवार को ऑल इंडिया ट्रक आपरेटर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक बावली रोड पर हुई। इसमें महंगाई के खिलाफ आक्रोश जताया। साथ ही सर्वसम्मति से 25 अप्रैल को दिल्ली के जंतर-मंतर पर पैदल मार्च निकालकर परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के आवास पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपने का निर्णय किया गया।
पश्चिम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष रामहरि चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल व सीएनजी के दामों में आए दिन वृद्धि हो रही है। इससे ट्रांसपोर्टरों को दिक्कतें उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जब तक एकजुटता रहेगी। सरकार जायज मांगे पूरी करेगी, अन्यथा एक भी मांग पूरी नहीं होगी। इस दौरान बैठक में डीजल, पेट्रोल एवं सीएनजी के बढ़ते दामों को देखते हुए स्क्रैप पॉलिसी, ई चालान, टोल प्लाजा, थर्ड पार्टी इंश्योरेंस समेत डीजल वाहनों की उम्र 20 साल का समय बढ़ाए जाने की मांग उर्ठाई। बैठक में सर्वसम्मति से 25 अप्रैल को दिल्ली के जंतर-मंतर पर पैदल मार्च निकालकर परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के आवास पर ज्ञापन सौंपनं का निर्णय किया। बैठक का संचालन राजकुमार ने किया। बैठक में जगपाल, ओमवीर, राकेश, टीकम, प्रवीण, नरेंद्र, मनोज काला, परविंदर, कुलदीप, जयपाल, प्रवीण रूबेला आदि सदस्य मौजूद रहे।