युवक पानीपत में रह रहा था, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली (बागपत)। बौढ़ा गांव के जंगल में बुधवार को युवक का शव नलकूप की खिड़की से लटका मिला। मृतक पानीपत में रह रहा था। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीण काशी ने बताया कि उनका बेटा राकेश हरियाणा के पानीपत में प्राइवेट नौकरी करता था और वहीं पर रह रहा था। बुधवार की सुबह उसका शव नलकूप पर खिड़की से लटका मिला। वह गांव में ट्यूबवेल पर कैसे आया और उसने फांसी क्यों लगाई, इस बारे में उनको कोई जानकारी नहीं है। परिजनों का कहना है कि राकेश के गले में लगा हुआ कपड़े का फंदा काफी ढीला था और उसके पैर जमीन पर रखे हुए थे। आशंका जताई कि हत्या कर शव यहां लाकर लटकाया गया हो। परिजनों की सूचना पर थाना प्रभारी छपरौली विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि इस मामले में तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।