बागपत के बड़ौत के आजाद नगर में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक महिला को ससुराल वालों ने पीट-पीटकर मार डाला। बाद में शौचालय में शव रखकर तेल छिड़ककर आग लगा दी। इस वारदात से पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर सीओ, तहसीलदार और पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मृतका पूजा (21) पत्नी अर्जुन आजाद नगर की रहने वाली है। उसके पिता जगदीश निवासी गांधी ने एक साल पहले अर्जुन से की थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले पूजा को प्रताड़ित करने लगे थे। कई बार सामाजिक तौर पर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे बाज नहीं आए। हाल में वे पूजा से अपने घर से दो लाख रुपये लाने की मांग कर रहे थे।
रविवार को दीपावली की तड़के महिला के पति अर्जुन, सास कामता, ससुर सतबीर, देवर सोनू ने पीट-पीटकर उसे मार डाला। बाद में उन्होंने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को शौचालय में रख कर मिट्टी तेल छिड़ककर जला दिया। जब यह मामला मोहल्लेवासियों को पता लगा तो पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई। भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर सीओ कर्मवीर सिंह और थानाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और तहसीलदार राज बहादुर सिंह ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा। मृतका के पिता जगदीश पुत्र नत्थन निवासी गांधी ने सास, पति, ससुर और देवर को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने सास कामता और पति अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, ससुर और देवर अभी फरार हैं।
थानाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट ने बताया फरार लोगों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, बेटी की हत्या से जगदीश और उसके परिवार के लोगों का बुरा हाल है। पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।