बड़ौत। साइबर अपराधी ठगी करने के लिए नए नए तरीके अपना रहे हैं। कोरोना के समय फर्जी एप के जरिये लोगों को ठगने का प्रयास किया जा रहा है। अब लोगों से पेंशन बंद होने का हवाला देकर ओटीपी पूछ रहे हैं ताकि ठग आसानी से खाता खाली कर सकें।
साइबर ठग फर्जी संदेश भेजते हैं। जिसमें एप के द्वारा कोविड -19 वैक्सीन के रजिस्ट्रेशन का ऑफर दिया जा रहा है। इन मैसेज के लिंक को क्लिक करते ही मलिसियस एप मोबाइल में इंस्टॉल हो जाता है। आपके फोन के पासवर्ड, कॉन्टेक्ट व दूसरे संवेदनशील जानकारी का एक्सेस उन्हें मिल जाते हैं। इसके बाद साइबर ठग आसानी से ठगी कर जाते हैं। पुलिस बार बार ऐसे ठगों से बचने के लिए जागरूक कर रही है।
अब पेंशन बंद होने के नाम पर उड़ा रहे रुपए...
- साइबर ठग अब पेंशनधारियों को निशाना बना रहे हैं। लोगों को फोन कर उनकी पेंशन बंद होने की बात कहते हैं। उनसे जीवित होने का प्रमाण पत्र मांगते हैं। अगर आप कुछ डिटेल बताएंगे तो पेंशन चालू रखेंगे। इसके बाद बैंक खाता नंबर, पेन कार्ड, आधार कार्ड, ओटीपी पूछकर पैसा उड़ा लेते हैं।
इन तरीकों को अपनाकर करें बचाव
- अंजान द्वारा भेजा गया यूपीआई कोड स्कैन न करें।
- किसी को भी ओटीपी न बताएं।
- फर्जी फोन कॉल या फंड का प्रलोभन देने वाली वेबसाइट के झांसे में न आएं।
- अंजाम मेल या संदेश द्वारा आए लिंक को न खोलें।
- ग्राहक केयर नंबर लेना हो तो उनकी ऑफिशियल साइट से लें।
- अंजान सॉफ्टवेयर को डाउनलोड न करें।
- साफ्टवेयर डाउनलोड के समय बैंक से जुड़ी जानकारी शेयर न करें।
- फोन पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति को बैंक डिटेल न दें।
- लॉटरी के प्रलोभन देने वाली साइट या संदेश से बचें।