बागपत। जिले के बागपत, अग्रवाल मंडी टटीरी, दोघट, तितरौदा, अमीनगर सराय में बुधवार को रामलीला का मंचन किया गया। इस दौरान खर-दूषण और बाली वध की लीला का मंचन किया।
शहर की रघुवर रामलीला समिति ठाकुरद्वारा रामलीला समिति द्वारा रामलीला में कलाकारों ने दिखाया कि दशरथ के मरणोपरांत भरत व शत्रुघ्न को अयोध्या बुलाया जाता है। वे अयोध्या पहुंचते हैं और प्रजा उन्हें देखकर पीछे हट जाती है और बात नहीं करते हैं। जब वे पूछते हैं तो बताते हैं कि भगवान श्रीराम 14 वर्ष के वनवास पर गए हैं। इसके बाद वे उन्हें लेने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन वे वापस नहीं आते। इस दौरान संजय रुहेला, सुभाष लखेरा, आलोक जैन, सुजीत लखेरा, अमित, महेश और आशीष आदि मौजूद रहे।
बाली वध कर श्रीराम ने सुग्रीव को दिलाया किष्किंधा राज्य
अमीनगर सराय के शिव मंदिर में चल रही रामलीला में बुधवार को रावण द्वारा सीता का हरण करने के बाद श्रीराम व लक्ष्मण का माता सीता को वन में खोजना, जटायु का मिलना, बाली का वध कर सुग्रीव को किष्किंधा राज्य दिलवाने की लीला का मंचन किया गया। लीला के मंचन में अनिल गुप्ता, पवन, मनोज शर्मा, दिनेश गुप्ता, भोपाल गुप्ता उपस्थित रहे।
अभिमन्यु की वीरता देख आंखें हुईं नम
दोघट में चल रही रामलीला का शुभारंभ भगवान गणेश की वंदना और मां दुर्गा की आरती के साथ हुआ। मंचन में गुरु द्रोणाचार्य द्वारा चक्रव्यूह की रचना दिखाई गई। युद्धभूमि में अनेक वीर योद्धाओं के बीच युवा अभिमन्यु ने अदम्य साहस का परिचय दिया। अभिमन्यु का वध होते ही लोगों की आंखें नम हो गईं। इस मौके पर निर्देशक विनोद गुप्ता, रमेश जैन, रामनाथ, दिनेश रुहेला और रामभरोसे लाल आदि मौजूद रहे।
सूर्पणखा की कटी नाक, युद्ध में मारे गए खर-दूषण
बिनौली के तितरौदा गांव में चल रहे रामलीला मंचन में डायरेक्टर डॉ. विनय कुमार पांडेय के निर्देशन में कलाकारों ने अभिनय किया। श्रीराम, सीता, लक्ष्मण के वन जाने के बाद भरत उन्हें खोजते-खोजते हुए वनों में पहुंचते हैं। इसके बाद पंचवटी में सूर्पणखा श्रीराम और लक्ष्मण को देखकर मोहित हो जाती हैं। काफी समझाने के बाद सूर्पणखा नहीं मानती है तो लक्ष्मण उसकी नाक, कान काट देते हैं। फिर खर-दूषण युद्ध करने के लिए सेना के साथ पहुंचते हैं, जिसमें उनका वध हो जाता है। वहीं बिनौली में प्रेम मंडल रामलीला कमेटी द्वारा शिव मंदिर में चल रही रामलीला में मंगलवार की रात डायरेक्टर प्रवीण गुप्ता के निर्देशन में परशुराम-लक्ष्मण संवाद, कैकेयी द्वारा राजा दशरथ से वरदान मांगने का मंचन किया गया।
सुग्रीव-श्रीराम मिलन का मंचन किया
अग्रवाल मंडी टटीरी के डीएवी इंटर कॉलेज के मैदान में चल रही रामलीला में श्रीराम-सुग्रीव मिलन की लीला का मंचन किया गया। लीला में कमेटी के अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, संयोजक चौधरी हिम्मत सिंह, सुभाष पांचाल, संदीप पांचाल, शहजाद खान, अनिल गांधी, दीपक गोयल आदि मौजूद रहे। वहीं कस्बे के बचत मैदान में चल रही रामलीला में सीता हरण की लीला का मंचन किया गया। रामलीला में कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र ठेकेदार, नीरज ठाकुर, सीमा ठाकुर, डायरेक्टर ललिता शर्मा, विनोद, यशपाल चौधरी, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं कस्बे के जैन मंदिर के सामने चल रही रामलीला में सीता हरण की लीला का मंचन किया। लीला में पंडित अंकुर शर्मा, संजीव शर्मा, दीपक गोयल, प्रवीण गोयल, राजीव गोयल, विक्की गुप्ता, पीयूष गुप्ता आदि मौजूद रहे।