बागपत। कुत्ते के काटने पर एंटी रेबीज की वैक्सीन नहीं लगवाने पर दो माह बाद छात्र की मौत होने के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्र शाहिद (14) के साथ रहे पांच परिजनों समेत 35 लोगों को एंटी रेबीज की वैक्सीन लगाई। साथ ही लोगों को कुत्ता, बंदर और बिल्ली के काटने पर एंटी रेबीज की वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक किया।
शहर के केतीपुरा मोहल्ला निवासी शाहिद के चेहरे पर कुत्ते ने काट लिया था। शाहिद ने एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं लगवाई और कुछ दिन बाद जख्म ठीक हो गया। दो माह बाद मंगलवार को शाहिद की हालत बिगड़ी, जिसे लेकर परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंचे और वहां से दिल्ली जीटीबी के लिए रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान शाहिद की मौत हो गई।
शाहिद की मौत होने के बाद बुधवार को उसके परिवार की फिरदौस, सद्दाम, निशा और उमरा आदि ने बागपत सीएचसी में पहुंचकर एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाई। इनके अलावा मोहल्ले के रिहान, तेजस, निशा, हमीदा, सानिया, हनीफ और शाहिद आदि ने भी एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने लोगों को रेबीज के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि शाहिद के संपर्क में रहने वाले परिजनों सहित 35 लोगों को एंटी रेबीज की वैक्सीन लगाई गई।